आंधी-तूफान ने परिवार को किया बेघर, मंत्री के निर्देश पर राशन लेकर पहुंचे अधिकारी
- DSS Admin
- Jun 02, 2026
आपदा के बाद परिवार के सामने भोजन और आश्रय का खड़ा संकट
हमीरपुर, 02 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में पिछले दिनों आए तेज आंधी-तूफान ने सरीला तहसील क्षेत्र के भेड़ी डांडा गांव निवासी जितेंद्र द्विवेदी के परिवार को बेघर कर दिया। तेज हवाओं से मकान क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि गृहस्थी का अधिकांश सामान भी नष्ट हो गया। अचानक आई इस आपदा के बाद परिवार के सामने भोजन और आश्रय का संकट खड़ा हो गया।
परिवार की ऐसी स्थिति की जानकरी मोबाइल के माध्यम से प्रदेश के खाद्य एवं रसद विभाग के कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय को हुई। उन्होंने मंगलवार को जिला पूर्ति अधिकारी को तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। आपूर्ति विभाग की टीम राहत सामग्री लेकर पीड़ित परिवार के घर पहुंची। टीम ने 50 किलो चावल, 50 किलो गेहूं, 10 किलो चीनी, 10 किलो अरहर दाल, दो किलो नमक, एक किलो हल्दी सहित आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई। परिवार को निशुल्क गैस सिलिंडर भी दिया, ताकि भोजन व्यवस्था प्रभावित न हो। राहत सामग्री मिलने पर परिवार भावुक हो उठा। परिजनों ने कहा कि संकट की इस घड़ी में मंत्री की वजह से मिली मदद ने उन्हें बड़ा सहारा दिया है। जिला पूर्ति अधिकारी बी.के. शुक्ला ने मंगलवार को बताया कि मंत्री के निर्देश पर पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। ग्राम विकास और राजस्व विभाग से समन्वय कर परिवार को आवास योजना समेत अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ भी दिलाया जाएगा।
---------------

