महेश नवमी पर श्रद्धा और उत्साह का संगम, शरद राठी सम्मानित
- DSS Admin
- Jun 23, 2026

कानपुर, 23 जून (हि.स.)। महेश नवमी केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि समाज की एकता, संस्कृति और प्रतिभाओं के सम्मान का भी प्रतीक है। समाज के लोगों की सक्रिय भागीदारी से यह आयोजन हर वर्ष और अधिक भव्य स्वरूप ग्रहण कर रहा है। यह बातें मंगलवार को श्री माहेश्वरी नवयुवक मंडल के मीडिया प्रभारी रोहित माहेश्वरी ने कहीं।
श्री माहेश्वरी नवयुवक मंडल द्वारा आज 5159वां माहेश्वरी वंशोत्पत्ति दिवस एवं महेश नवमी उत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर माहेश्वरी धर्मशाला, चावल मंडी से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने भाग लिया।
शोभायात्रा में सबसे आगे भगवान गणेश का रथ, इसके पीछे बांके बिहारी और राम दरबार की झांकी रही, जबकि अंतिम रथ में भगवान शिव-पार्वती की मनमोहक झांकी शामिल थी। इस वर्ष शोभायात्रा का प्रमुख आकर्षण महाकाल बैंड रहा। यात्रा के दौरान भजनों की धुन पर श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक नृत्य किया।
यह शोभायात्रा कमला टावर, सिरकी मोहाल, काहूकोठी, नयागंज चौराहा, बिरहाना रोड और फूलबाग होते हुए नाना राव पार्क पहुंची। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर शर्बत, नाश्ता और अन्य जलपान की व्यवस्था की गई। शोभायात्रा का स्वागत करने वाले समाजजनों को मंडल की ओर से स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी शरद राठी को उनके योगदान के लिए ‘माहेश्वरी रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया गया। उन्हें दुपट्टा ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न प्रदान किया गया। इसके बाद भगवान महेश की आरती हुई तथा कक्षा एक से 12 तक के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। विभिन्न पेशेवर और सामाजिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले समाजजनों को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
इस अवसर पर शरद लोया, राकेश मूंदड़ा, युवराज झंवर, रोहित कुमार सारड़ा, अंकित चाड़क, हर्ष नोवाल, अभिनव लढ़ा, नितिश मालानी, शरद राठी तथा महिला मंडल की अध्यक्ष रेखा भूतड़ा सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

