रायपुर, 27 जून (हि.स.)। सोशल मीडिया के माध्यम से युवती की अश्लील तस्वीरें वायरल करने की धमकी देने वाले एक आरोपित को पुरानी बस्ती थाना पुलिस ने आज शनिवार को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना पुरानी बस्ती में एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पुत्री से इंस्टाग्राम के माध्यम से संपर्क कर आरोपित ने निजी फोटो प्राप्त किए। इसके बाद आरोपित ने उन्हीं तस्वीरों को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर वायरल करने की धमकी देते हुए उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।
शिकायत के आधार पर थाना पुरानी बस्ती में अपराध क्रमांक 295/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने तकनीकी एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए आरोपित की पहचान सोहेब सिद्दीकी (21 वर्ष), निवासी वाल्मीकि अंबेडकर आवास, कबीर नगर, रायपुर के रूप में की।
पुलिस ने आरोपित को विधिवत गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसके बाद घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किया गया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि, सोशल मीडिया का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें। किसी भी प्रकार की ऑनलाइन धमकी, अश्लील सामग्री या साइबर अपराध की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करें।
---------------

