राप्ती नदी में नहाने गए तीन किशोर डूबे, तीनों के शव बरामद
- DSS Admin
- May 26, 2026


गोरखपुर, 26 मई (हि.स.)।
राजघाट स्थित राप्ती नदी मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे की गवाह बन गई, जहां नहाने गए तीन किशोरों की डूबने से मौत हो गई। देर शाम एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की मदद से चलाए गए सघन सर्च ऑपरेशन के बाद तीनों के शव बरामद कर लिए गए। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
जानकारी के अनुसार तुर्कमानपुर क्षेत्र के निवासी निक्कू (15 वर्ष) पुत्र सुनील, सत्ती (15 वर्ष) पुत्र मोहन और इरफान पुत्र फखरुद्दीन मंगलवार को राजघाट स्थित राप्ती नदी में नहाने के लिए गए थे। बताया जा रहा है कि नहाने के दौरान तीनों किशोर अचानक गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते नदी में डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण तीनों लापता हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग नदी किनारे एकत्र हो गए। सूचना पाकर पुलिस और प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया गया।
एसडीएम सदर दीपक गुप्ता स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे अभियान की निगरानी करते हुए एनडीआरएफ टीम को तेजी से सर्च ऑपरेशन चलाने के निर्देश दिए।
एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों ने घंटों मशक्कत कर पहले निक्कू और सत्ती के शव को नदी से बाहर निकाला। इसके बाद तीसरे किशोर इरफान की तलाश लगातार जारी रही। देर शाम टीम को तीसरी सफलता मिली और इरफान का शव भी बरामद कर लिया गया। तीनों शव मिलने के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और मौके का माहौल बेहद गमगीन हो गया।
घटना के बाद पूरे तुर्कमानपुर और राजघाट क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों की आंखें नम हो गईं और हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध नजर आया। लोगों ने प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, चेतावनी बोर्ड लगाने और संवेदनशील घाटों पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
प्रशासन की ओर से भी लोगों से अपील की गई है कि नदी और अन्य जलाशयों के आसपास विशेष सावधानी बरतें तथा बच्चों को बिना निगरानी के पानी में न जाने दें। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------

