मीरजापुरः 30 गांवों के किसानों को मिला मुफ्त बीज, 1674 हेक्टेयर में होगी उन्नत खेती
- DSS Admin
- Jun 10, 2026
मीरजापुर, 10 जून (हि.स.)। किसानों की आय बढ़ाने और आधुनिक खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने यूपी एग्रीस योजना के तहत राजगढ़ विकास खंड के 30 गांवों का चयन किया है। योजना के अंतर्गत बुधवार को चयनित किसानों को धान, अरहर, बाजरा और ढैंचा के उन्नत किस्म के बीज निःशुल्क वितरित किए गए।
गोदाम प्रभारी बृजेश सिंह द्वारा कृषि विभाग परिसर में किसानों को बीज वितरित किए गए। सहायक विकास अधिकारी (कृषि) संतोष कुशवाहा ने बताया कि योजना के तहत राजगढ़ विकास खंड के धुरकर, दारानगर, कलवारी माफी, धनवाल, गोरथरा, धौरहा, रैकरा, रामपुर-38, देवपुरा, पथरखुरा, राजापुर, खुटारी, कुंदरूफ, मटिहानी, नौडीहा लालपुर, पचोखरा, डढ़िया, दरवान, बिशनपुरा, बघौड़ा, लूसा, पतेरी, सेमरा बरहो, करौंदा, कुड़ी, नदीहार, कोन, सरसों, निकारिका और चौखड़ा सहित कुल 30 गांवों का चयन किया गया है।
उन्होंने बताया कि चयनित गांवों की कुल 1674 हेक्टेयर भूमि पर धान, अरहर, बाजरा एवं ढैंचा की खेती कराई जाएगी। इसके लिए किसानों को उन्नत एवं प्रमाणित बीज निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे उत्पादन बढ़ाने के साथ खेती की लागत भी कम होगी।
कृषि विभाग ने किसानों तक बीज वितरण की जिम्मेदारी कर्मचारियों विकास पाल, अमित सिंह और विवेकानंद मौर्य को सौंपी है। विभागीय कर्मचारियों द्वारा किसानों को बुलाकर बीज उपलब्ध कराया जा रहा है।
बीज वितरण के दौरान किसान सुनील सिंह, चंद्रिका सिंह, विजेंद्र सिंह, रामगोपाल, श्याम नारायण, हीरावती देवी, विमला देवी सहित बड़ी संख्या में किसानों ने योजना का लाभ उठाया। किसानों ने सरकार और कृषि विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि निःशुल्क उन्नत बीज मिलने से खेती को नई दिशा मिलेगी और उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी।

