
पूर्व मेदनीपुर, 5 अप्रैल (हि.स.)। शुभेंदु अधिकारी के गृह जिले पूर्व मेदिनीपुर में भाजपा शासित एक ग्राम पंचायत पर तृणमूल कांग्रेस का कब्जा हो गया है। भगवानपुर एक नंबर ब्लॉक के अंतर्गत भगवानपुर ग्राम पंचायत में भाजपा के प्रधान की मृत्यु के बाद रिक्त हुए प्रधान पद को भरने के लिए चुनाव हुए। इस चुनाव में 12 सदस्यों ने तृणमूल कांग्रेस को और 8 ने भाजपा को वोट दिया। एक पंचायत सदस्य अनुपस्थित था। उमारानी भुइयां को तृणमूल कांग्रेस का प्रधान चुना गया।
उल्लेखनीय है कि इस ग्राम पंचायत की 22 सीटों में से तृणमूल और भाजपा को बराबर सीटें मिली थीं। परिणामस्वरूप, टॉस के बाद भाजपा सदस्य प्रधान और तृणमूल सदस्य उप प्रधान चुने गए। फिलहाल, एक भाजपा पंचायत सदस्य तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गया है। परिणामस्वरूप, तृणमूल सदस्यों की संख्या 12 हो गई। बहुमत मिलने के कारण, भगवानपुर ग्राम पंचायत तृणमूल कांग्रेस के नियंत्रण में आ गई। तृणमूल कांग्रेस की उमारानी भुइयां प्रधान और शेख अनवर अली उप प्रधान चुने गए हैं।
भगवानपुर एक नंबर ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष रबिन चंद्र मंडल, पंचायत समिति के अध्यक्ष अरूप सुंदर पंडा और युवा अध्यक्ष सौरभ कांति बेरा के अलावा भगवानपुर क्षेत्र के तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी में चुनाव प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई। ब्लॉक तृणमूल अध्यक्ष रबीन चंद्र मंडल ने शनिवार को कहा, चूंकि तृणमूल और भाजपा के पास बराबर बहुमत था, इसलिए प्रधान का चुनाव टॉस के जरिए किया गया था। प्रधान की मौत के बाद तृणमूल ने अपना बहुमत बढ़ा लिया और पंचायत पर कब्जा कर लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय