भाजपा कार्यकर्ताओं से मारपीट के आरोप में तृणमूल पार्षद गिरफ्तार
- DSS Admin
- May 17, 2026
हुगली, 17 मई (हि. स.)। चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं से मारपीट के आरोप में तृणमूल कांग्रेस के पार्षद राजू पड़ुई उर्फ चंडे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार शाम को हुगली जिले के वैद्यबाटी इलाके में हुई इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई। हालांकि स्थानीय तृणमूल नेतृत्व ने सभी आरोपों से इनकार किया है।
घटना 26 अप्रैल की बताई जा रही है। दूसरे चरण के मतदान से पहले वैद्यबाटी नगरपालिका के वार्ड नंबर चार स्थित जात्राबाग इलाके में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक चुनाव प्रचार कर रहे थे। आरोप है कि उसी दौरान वार्ड के तृणमूल पार्षद राजू पड़ुई अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंचे और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि उन्हें बुरी तरह पीटा गया और बाद में गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई।
राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद भाजपा नेता स्नेहांशु मोहांत ने श्रीरामपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रचार के दौरान राजू पड़ुई और तारापद दास समेत अन्य लोगों ने उन पर हमला किया।
स्नेहांशु ने आरोप लगाया है कि राजू पड़ुई ने उनके घर में लोगों को भेजकर परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी। भाजपा नेता ने दावा किया कि परिवार की सुरक्षा को लेकर डर की वजह से वह तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं करा सके थे।
एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और वैद्यबाटी इलाके से राजू पड़ुई को गिरफ्तार कर लिया। श्रीरामपुर थाने के एक अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपित को रविवार को श्रीरामपुर अदालत में पेश किया जाएगा।
दूसरी ओर, स्थानीय तृणमूल नेतृत्व ने पार्षद के खिलाफ लगाए गए आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। तृणमूल नेताओं का दावा है कि सत्ता में आने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा तृणमूल समर्थकों को निशाना बनाया जा रहा है और यह मामला उसी का हिस्सा है।
---------------

