युवक की चाकू घाेपकर हत्या, गिरफ्तार

नई दिल्ली, 17 मई (हि.स.)। शाहदरा जिले के सीमापुरी इलाके में शनिवार देर रात एक युवक की चाकू और डंडे से वारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान जीशान (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने जीशान के दोस्त के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर तड़के तीन आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू और डंडा बरामद हो गया। आरोपिताें की पहचान सोनू (20), लक्ष्मी नारायण (32) और मोहम्मद अमान उर्फ शाहिद (22) के रूप में हुई है। शुरुआती जांच के बाद पुलिस को पता चला है कि पुरानी रंजिश में आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर हत्या की असली वजहों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। शाहदरा जिले के पुलिस उपायुक्त आरपी मीणा ने बताया कि शनिवार रात करीब 11 बजे उनकी टीम को एक युवक के दिलशाद कालोनी लाल बत्ती के पास जख्मी हालत में पड़ा होने की सूचना मिली। सीमापुरी पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि घायल को जीटीबी अस्पताल ले जाया जा चुका है। अस्पताला पहुंचने पर युवक की मौत का पता चला। पुलिस को मौके पर एक चश्मदीद युवक गौरव मिला। उसने बताया कि मृतक जीशान (25) है। जीशान अपनी बुआ के साथ ताहिरपुर इलाके में रहता था। शनिवार रात को गौरव व जीशान दोनों दिलशाद कालोनी रोड की सर्विस लेन से होकर गुजर रहे थे। इस बीच तीनों आरोपित सोनू, लक्ष्मी नारायण और अमान स्कूटी पर सवार होकर वहां पहुंचे। आते ही आरोपिताें ने किसी पुरानी बात पर जीशान से झगड़ा शुरू कर दिया। इस बीच अमान ने जीशान को पकड़ लिया। सोनू ने चाकू निकालकर जीशान के सीने में घोंप दिया। दूसरी ओर लक्ष्मी नारायण ने उसके सिर पर डंडे से कई वार किए। हमले के बाद आरोपित फरार हो गए। बाद में अस्पताल ले जाने पर जीशान को मृत घोषित कर दिया गया।

---------------

   

सम्बंधित खबर