दिनहाटा में तृणमूल नेता के घर में तोड़फोड़ और लूटपाट

कूचबिहार, 16 जून (हि. स.)। जिले के दिनहाटा के भेटागुड़ी दो नंबर क्षेत्र के साकदल गांव में तृणमूल कांग्रेस नेता के घर पर देर रात हमले की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। तृणमूल कांग्रेस नेता आइनुल मियां ने मंगलवार को आरोप लगाया कि देर रात कुछ बदमाशों ने उनके घर पर अचानक धावा बोल दिया।

आरोप के मुताबिक हमलावर घर के चार कमरों में घुस गए, जहां उन्होंने जमकर तोड़फोड़ की और कीमती सामान लूटकर फरार हो गए। लूटे गए सामान में सोने के गहने, पानी की मशीन और स्टैंड फैन शामिल है।

नेता का दावा है कि चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद से उनके घर पर लगातार हमले हो रहे है। पिछले चार दिनों में कई बार ऐसी घटनाएं हो चुकी है और इससे पहले उनका दोपहिया वाहन भी लूट लिया गया था।

उन्होंने कहा कि ये घटनाएं 2021 के चुनाव बाद की हिंसा की याद दिला रही है। तृणमूल नेता ने इस हमले के पीछे भाजपा समर्थित बदमाशों का हाथ होने का आरोप लगाया है। हालांकि, इस मामले में भाजपा की ओर से खबर लिखे जाने तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

   

सम्बंधित खबर