गरज-चमक के साथ डेढ़ घंटे झमाझम बारिश, डाही क्षेत्र हुआ तरबतर

बेमौसम बारिश से ग्राम डाही के खेत में रखा धान भीग गया।ग्राम डाही में जेसीबी मशीन से जाम नाली की सफाई की गई।

खेतों में तैयार खड़ी धान की फसल को नुकसान की आशंका

धमतरी, 15 मई (हि.स.)। धमतरी जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में मौसम ने अचानक करवट ली और करीब डेढ़ घंटे तक हुई तेज बारिश ने पूरे इलाके को तरबतर कर दिया। शुक्रवार सुबह नौ बजे से 10:30 बजे के बीच गरज-चमक के साथ हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत तो मिली, लेकिन बेमौसम बरसात ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। कई गांवों में पानी भर गया, वहीं किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। बारिश का पानी घरों में भर गया। लोग धमेला की सहायता से घर में भरा पानी उलीचते रहे। जाम नालियों को जेसीबी की सहायता से साफ किया गया तब जाकर नाली से बहाव शुरू हो सका।

सुबह से मौसम साफ था और उमस महसूस की जा रही थी। लोगों को बारिश की आशंका जरूर थी, लेकिन नौ बजे के बाद अचानक आसमान में घने बादल छा गए। देखते ही देखते तेज गरज-चमक शुरू हुई और तेज बारिश होने लगी। लगातार तेज गर्जना और बिजली चमकने से लोगों में दहशत का माहौल भी बना रहा। बारिश के चलते डाही सहित आसपास के कई गांवों में सड़कें जलमग्न हो गईं। निचले इलाकों में पानी भरने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्राम डाही में कई घरों के भीतर तक पानी घुस गया। लोग घरों से पानी निकालते नजर आए, वहीं कुछ परिवार घरों के सामने मिट्टी और पत्थरों का बांध बनाकर पानी रोकने की कोशिश करते रहे।

ग्राम पंचायत के पास रहने वाले नीरसिंह डाहरे, हरबंस ध्रुव और जगेद्र निर्मलकर ने नाराजगी जताते हुए कहा कि हर साल तेज बारिश में उनके घरों के सामने पानी भर जाता है। क्षेत्र में नाली और सीसी सड़क निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में तैयार खड़ी धान की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। किसान जोहतराम साहू, अंजाेरी साहू, नोखेलाल का कहना है कि तेज बारिश और हवा से धान की बालियां गिर सकती हैं तथा फसल झुकने का खतरा है। वहीं सब्जी फसलों पर भी संकट मंडरा रहा है। लगातार नमी और पानी भराव से कीट प्रकोप बढ़ने की आशंका बनी हुई है। सब्जी उत्पादक किसान अपनी मेहनत पर मौसम की मार को लेकर चिंतित नजर आए।

   

सम्बंधित खबर