हैंडपंप उखाड़ने से नाराज युवक टॉवर पर चढ़ा, एक घंटे चला हाईवोल्टेज ड्रामा

- पानी के विवाद में चाचा पर लगाए दबंगई के आरोप, पुलिस-दमकल ने सुरक्षित उतारा

औरैया, 17 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के फफूंद थाना क्षेत्र में रविवार को पानी के विवाद ने उस समय हाईवोल्टेज ड्रामे का रूप ले लिया, जब एक युवक मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। युवक को टॉवर पर चढ़ा देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा।

जानकारी के अनुसार मिश्रीपुर दौलतपुर निवासी दिनेश (30) की जमीन पर पिछले करीब 20 वर्षों से एक सरकारी हैंडपंप लगा था, जिससे उसका परिवार और आसपास के लोग पानी भरते थे। आरोप है कि कुछ समय पहले उसके चाचा जयकरन ने हैंडपंप में जबरन सबमर्सिबल मोटर डाल दी थी।

दिनेश का आरोप है कि चाचा सबमर्सिबल चलाकर बड़ी मात्रा में पानी बर्बाद कर रहे थे। विरोध करने पर बात नहीं बनी तो उसने ब्लॉक कार्यालय में शिकायत कर दी। इससे नाराज होकर चाचा ने न सिर्फ मोटर निकाली, बल्कि पूरा सरकारी हैंडपंप उखाड़कर अपने घर में रख लिया। भीषण गर्मी में पानी की समस्या खड़ी होने से दिनेश आक्रोशित हो गया और रविवार को कोतवाली क्षेत्र के मालेपुर गांव में स्थित मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। टॉवर पर युवक को देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए और तत्काल पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंचे कोतवाल राजकुमार सिंह और दमकल कर्मियों ने लाउडस्पीकर के माध्यम से युवक को समझाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद युवक नीचे उतरने को तैयार हो गया। पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतारकर समझाया दी और परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

---------------

   

सम्बंधित खबर