बलरामपुर : शराब तस्करी मामले में दो आरोपित गिरफ्तार, जेल भेजे गए

बलरामपुर, 06 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के चौकी बलांगी एवं थाना रघुनाथनगर क्षेत्र में दर्ज दो अलग-अलग प्रकरणों में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपितों को आज न्यायालय में पेश करने के बाद जेल दाखिल किया गया है।

मामला 22 अप्रैल 2026 का है, जब मध्य प्रदेश के बैढ़न से बोलेरो वाहन में अवैध शराब लेकर आ रहे चालक ने तुगवा बॉर्डर बैरियर पर जवानों द्वारा रोकने का इशारा करने पर वाहन नहीं रोका। आरोपित ने बैरियर को ठोकर मारते हुए वाहन को रघुनाथनगर की ओर भगा दिया। घेराबंदी के दौरान वह वाहन को पेट्रोल पंप के पास कच्चे रास्ते में छोड़कर फरार हो गया।

इस मामले में चौकी बलांगी में अपराध क्रमांक 37/26 धारा 109, 124(6) बीएनएस तथा थाना रघुनाथनगर में अपराध क्रमांक 38/26 धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।

साइबर सेल की मदद से फरार चालक की पहचान देवनंदन कुशवाहा (25 वर्ष), निवासी हरदी बड़ा, थाना रघुनाथनगर के रूप में हुई। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित ने बोलेरो वाहन से अवैध शराब परिवहन कर मध्य प्रदेश के कचनी शराब भट्टी के मैनेजर मृत्युंजय जायसवाल के माध्यम से 94 हजार रुपये का भुगतान कर शराब मंगाई थी, जिसे सूरजपुर क्षेत्र के एक व्यक्ति को बेचा जाना था। इसके बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर दूसरे आरोपित मृत्युंजय जायसवाल (29 वर्ष), निवासी साहिबगंज, झारखंड को भी गिरफ्तार किया।

दोनों आरोपितों को पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर 06 जून 2026 को गिरफ्तार कर वाड्रफनगर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उन्हें रामानुजगंज जेल भेज दिया गया। इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना रघुनाथनगर पुलिस, बलांगी चौकी स्टाफ तथा साइबर सेल की टीम की अहम भूमिका रही।

   

सम्बंधित खबर