कानपुर, 29 जून (हि.स.)। पूर्व में शहर और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे से हुई दुर्घटनाओं में लोगों की जान जाने और गंभीर रूप से घायल होने की घटनाओं के बाद शासन ने इसके खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नरेट लगातार अभियान चलाकर प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के निर्माण, भंडारण और बिक्री में लिप्त लोगों पर कार्रवाई कर रहा है। ताजा कार्रवाई में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब तीन लाख रुपये कीमत की प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की 150 चर्खियां बरामद की गई हैं।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) तथा अपर पुलिस उपायुक्त (अपराध/ऑपरेशनल) के पर्यवेक्षण में अपराध शाखा की स्वाट टीम और थाना कलक्टरगंज पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर महेश पन्ना बिल्डिंग, पीपल वाली कोठी, नयागंज चौराहा क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान इंद्रानगर, कल्याणपुर निवासी नुकुल खन्ना और दाना खोरी हरबंशमोहाल निवासी करन गुप्ता को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की 150 चर्खियां बरामद कीं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा दोनों से यह भी पूछताछ जारी है कि आखिरकार यह प्रतिबंधित मांझा कहां से आयात किया जा रहा है। इसके अलावा इनके साथ और कौन-कौन जुड़ा है।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) श्रवण कुमार सिंह ने साेमवार काे बताया कि प्रतिबंधित चाइनीज मांझे की बिक्री और भंडारण करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि चाइनीज मांझा आम नागरिकों, विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों और पक्षियों के लिए जानलेवा साबित होता है। शासन के निर्देशों के अनुरूप इस अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

