दो महिलाओं ने फांसी लगाकर दी जान, अलग-अलग कारणों से उठाया आत्मघाती कदम
- DSS Admin
- Jul 03, 2026
बांदा, 03 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में अलग-अलग स्थानों पर दो महिलाओं द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटनाओं से सनसनी फैल गई। दोनों मामलों में पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एक मामले में पति-पत्नी के विवाद के बाद महिला के आत्मघाती कदम उठाने की बात सामने आई है, जबकि दूसरे मामले में लंबे समय से बीमारी से परेशान महिला ने जान दे दी।
पहली घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के गंछा गांव के मजरा बीच का पुरवा की है। यहां निवासी राजू की 35 वर्षीय पत्नी रिंकी ने गुरुवार रात कमरे के अंदर छप्पर की धन्नी में साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार सुबह जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकली तो परिजनों ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद दरवाजा तोड़कर परिजन कमरे में पहुंचे तो रिंकी का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पति राजू के अनुसार, रिंकी ने खाना नहीं बनाया था। इसी बात को लेकर उसने पत्नी को डांट दिया था, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया। बताया जाता है कि इसी से नाराज होकर रिंकी ने आत्मघाती कदम उठा लिया। रिंकी अपने पीछे तीन बेटियां और दो बेटे छोड़ गई है।
वहीं मृतका के पिता भोला, निवासी पिपराहरी, ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि दामाद शराब पीने का आदी था और अक्सर उनकी बेटी के साथ मारपीट करता था। उन्होंने आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने उनकी बेटी की हत्या कर शव को फंदे पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी घटना मध्य प्रदेश के छतरपुर जनपद के परेई गांव की है। यहां 30 वर्षीय रचना पत्नी राहुल ने गुरुवार की रात छप्पर की धन्नी में रस्सी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर बाद परिजनों की नजर उस पर पड़ी तो वह फंदे पर लटकी हुई थी। परिजनों ने तत्काल फंदा काटकर नीचे उतारा और बांदा जिला अस्पताल ले आए, जहां शुक्रवार को चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका के भतीजे विनय ने बताया कि रचना लंबे समय से गंभीर बीमारी से पीड़ित थी। उसके इलाज के लिए परिवार ने कई स्थानों पर उपचार कराया। इलाज में नौ बीघा जमीन तक बेचनी पड़ी और करीब नौ लाख रुपये खर्च किए गए, लेकिन स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं हुआ। बीमारी और मानसिक तनाव से परेशान होकर उसने यह कदम उठा लिया। रचना अपने पीछे दो बेटियों को छोड़ गई है।
अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने शुक्रवार को बताया कि दोनों घटनाओं की सूचना मिलने पर पुलिस ने शवों का आज पोस्टमार्टम कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
---------------

