कन्नौज : खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए कन्नौज के दो युवा उद्यमी सम्मानित
- DSS Admin
- Jul 07, 2026

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रशस्ति पत्र व डेमो चेक वितरित किएपीएमएफएमई जिला रिसोर्स पर्सन शिवम त्रिपाठी को भी मिला सम्मान
कन्नौज , 07 जुलाई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को लखनऊ स्थित उद्यान भवन परिसर, निदेशालय उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण में आयोजित कार्यक्रम में महिला छात्रावास का शिलान्यास किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) एवं उत्तर प्रदेश उद्योग नीति-2023 के अंतर्गत लाभार्थियों को डेमो चेक और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उद्योग नीति-2023 के तहत स्थापित इकाइयों को सब्सिडी के डेमो चेक वितरित किए गए। साथ ही नवीन खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों को लेटर ऑफ कंफर्ट प्रदान कर उन्हें कार्य प्रारंभ करने की औपचारिक अनुमति भी दी गई।
समारोह में खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए जनपद कन्नौज के युवा उद्यमी सचिन पांडे एवं शिवम दीक्षित को उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
दोनों उद्यमियों ने खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में नवाचार और रोजगार सृजन के माध्यम से अपनी अलग पहचान बनाई है।
इसके अलावा, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) के अंतर्गत जनपद कन्नौज के जिला रिसोर्स पर्सन शिवम त्रिपाठी को भी उद्यमियों को योजना का लाभ दिलाने, बैंक ऋण उपलब्ध कराने तथा नए उद्योगों की स्थापना में सक्रिय सहयोग के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रदेशभर से आए उद्यमियों, अधिकारियों एवं योजना से जुड़े लाभार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में सरकार की खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को बढ़ावा देने और ग्रामीण स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता पर विशेष जोर दिया गया।

