वसई-विरार के पर्यटन स्थलों पर 15 जुलाई तक रोक

मुंबई, 5 जुलाई, (हि. स.)। पालघर जिले के वसई-विरार शहर में लगातार हो रही बारिश को देखते पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र के प्रमुख झरनों, नदियों, बांधों, तालाबों और समुद्र तटों पर 15 जुलाई तक पर्यटकों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। आदेश का उद्देश्य मानसून के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं को रोकना और लोगों की जान बचाना है।

पुलिस के अनुसार, बारिश के मौसम में बड़ी संख्या में पर्यटक इन स्थानों पर पहुंचते हैं। कई लोग शराब के नशे में तेज बहाव वाले पानी में उतर जाते हैं, ऊंचाई से छलांग लगाते हैं या खतरनाक स्टंट करते हैं, जिससे हर साल हादसे होते हैं। इसी को देखते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163(1)(2) के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है। यह आदेश वसई, नायगांव, वालीव, अर्नाला, विरार, पेल्हार, मंडवी, बोलींज और नालासोपारा पुलिस थाना क्षेत्रों के पर्यटन स्थलों पर लागू रहेगा। प्रतिबंधित स्थानों में सुरुची, भुईगांव, देवकुंडी, चिंचोटी झरना, राजावली खदान, तुंगारेश्वर झरना, फूलपाड़ा डैम, कुंभारपाड़ा तालाब, तानसा नदी, पेल्हार बांध तथा अर्नाला, कलंब, नवापुर और राजोड़ी समुद्र तट शामिल हैं।

प्रशासन ने नागरिकों और पर्यटकों से सुरक्षा के मद्देनजर आदेश का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने साफ कहा कि किसी भी पर्यटन स्थल पर पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने, तेज बहाव या गहरे पानी में उतरने, झरनों के नीचे बैठने, खतरनाक स्थानों पर सेल्फी या वीडियो बनाने, शराब पीने या नशे की हालत में प्रवेश करने तथा डीजे या लाउडस्पीकर बजाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

   

सम्बंधित खबर