“हरा गमछा हो या नीला गमछा”, इस तरह की बातें मुख्यमंत्री के पद पर बैठे व्यक्ति को शोभा नहीं देतीं : तेजस्वी यादव
- DSS Admin
- May 24, 2026
पटना, 24 मई (हि.स.)। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने रविवार को यहां पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री के हालिया बयान पर तंज कसते हुए कहा कि “हरा गमछा हो या नीला गमछा”, इस तरह की बातें मुख्यमंत्री के पद पर बैठे व्यक्ति को शोभा नहीं देतीं। तेजस्वी यादव ने कहा कि इस तरह के बयान सरकार की मानसिकता को दर्शाते हैं और यह दिखाता है कि सत्ता में बैठे लोगों के अंदर कितनी नफरत भरी हुई है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में लोगों को जाति, रंग और पहचान के आधार पर बांटने की कोशिश की जा रही है। लेकिन बिहार की जनता अब सब समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी। राज्य की जनता विकास, रोजगार और महंगाई जैसे मुद्दों पर जवाब चाहती है, लेकिन सरकार असली मुद्दों से ध्यान भटकाने में लगी हुई है।
तेजस्वी यादव ने दावा किया कि बिहार में बेरोजगारी और महंगाई लगातार बढ़ रही है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है और गरीब परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। इसके बावजूद सरकार केवल बयानबाजी और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप में व्यस्त है। महिलाओं को आर्थिक सहायता, वृद्धों को पेंशन और युवाओं को नौकरी देने जैसे वादे अब अधूरे दिखाई दे रहे हैं। बिहार सरकार के पास पैसा नहीं बचा है। जनता से किए गए वादों को पूरा करने में सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि उन्होंने पहले भी सरकार से सवाल पूछा था कि महिलाओं को दूसरी किस्त कब दी जाएगी, पेंशन की राशि कब मिलेगी और आम जनता को राहत देने के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे। लेकिन सरकार इन मुद्दों पर जवाब देने के बजाय जनता को गुमराह करने में लगी हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार लगातार बिजली दरों में बढ़ोतरी कर रही है, जिससे आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है।चुनाव के दौरान जनता से बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन अब सरकार उन वादों से पीछे हटती नजर आ रही है।
---------------

