बंगाल में फिर चढ़ने लगा तापमान का पारा, छह जिलों में हीटवेव का अलर्ट

कोलकाता, 8 मई (हि.स.) ।पश्चिम बंगाल के अधिकांश हिस्सों में गर्मी का प्रकोप अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा। अलीपुर मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार तक राज्य के तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। हीटवेव जैसी स्थिति विशेष रूप से पश्चिम बंगाल के पश्चिमी जिलों—पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिम मेदिनीपुर, पश्चिम बर्धमान और बीरभूम—में देखने को मिलेगी। इन क्षेत्रों में शनिवार और रविवार को लू चलने की चेतावनी जारी की गई है।

राजधानी कोलकाता में भी तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 27 डिग्री और बुधवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में यह तापमान 38 से 40 डिग्री तक पहुंच सकता है। शहर में बारिश की संभावना फिलहाल नगण्य है।

हालांकि उत्तर बंगाल के ऊपरी जिलों—जैसे दार्जिलिंग—में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, लेकिन मालदा, उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर जैसे निचले जिलों में शुष्क और गर्म मौसम बना रहेगा। विशेष रूप से शनिवार और रविवार को मालदा जिले में लू की स्थिति बन सकती है। इन क्षेत्रों में भी तापमान तीन से पांच डिग्री तक बढ़ने का अनुमान है।

राज्य के कुछ इलाकों में गुरुवार को आंशिक रूप से आंधी-तूफान और बिजली गिरने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। दार्जिलिंग सहित उत्तर बंगाल के ऊपरी जिलों में बारिश की संभावना अपेक्षाकृत अधिक है। रविवार से उत्तर बंगाल के अधिकांश जिलों—दार्जिलिंग से लेकर मालदा तक—में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी का अनुमान है।

मौसम विभाग ने बताया है कि इस बार दक्षिण-पश्चिम मानसून निर्धारित तिथि से नौ दिन पहले ही अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में प्रवेश कर जाएगा। आमतौर पर यह मानसून 22 मई को अंडमान पहुंचता है, लेकिन इस बार इसके 13 मई को ही अंडमान सागर, दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में प्रवेश करने की संभावना है। पिछले वर्ष मानसून 19 मई को अंडमान पहुंचा था, लेकिन इस बार और भी पहले इसका आगमन हो रहा है।

हालांकि अंडमान में मानसून की जल्द शुरुआत के बावजूद बंगाल को इससे फिलहाल कोई राहत नहीं मिलेगी। राज्य के पश्चिमी और दक्षिणी जिलों को आने वाले दिनों में भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

   

सम्बंधित खबर