दिल के मरीजों के लिए गोल्डन ऑवर में संजीवनी बनेगा टेनेक्टेप्लेस इंजेक्शन, महाेबा जिला अस्पताल में निःशुल्क उपलब्ध

महोबा, 01 जून (हि.स.)। बुंदेलखंड के महोबा जिला अस्पताल में पहली बार हार्ट के मरीजों के लिए संजीवनी मानी जाने वाली दवा टेनेक्टेप्लेस इंजेक्शन की उपलब्धता हो गई है। मिनटों में खून के थक्कों को घोलने वाली दवा मरीजों के लिए गोल्डन ऑवर में ही निःशुल्क लगेगी, जिससे लोगों की जान बचाई जा सकेगी। बुंदेलों ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना की है।

जिला अस्पताल में हर माह लगभग 200 से ज्यादा दिल के मरीज अपना उपचार कराने पहुंचते हैं। इनमें से 50 से ज्यादा मरीज कानपुर, लखनऊ , झांसी को रेफर कर दिए जाते हैं। जिनमें से कई बार गंभीर परिस्थितियों में मरीजों की जान पर आफत तक बन आती है। सोमवार को जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक(सीएमएस) डॉ सुरेश कुमार ने बताया कि पहली बार 14 टेनेक्टेप्लेस इंजेक्शन जिला अस्पताल पहुंचे हैं। हार्ट अटैक के दौरान खून का थक्का जमने पर गोल्डन ऑवर में ही इसे नशों में दिया जाता है, जो खून के थक्कों को मिनटों में घोल कर मरीज की जान बचाता है।

उन्हाेंने बताया कि 46793 रूपये कीमत का टेनेक्टेप्लेस इंजेक्शन अभी तक जिला अस्पताल में उपलब्ध न होने से लोगों को परेशानी होती थी और मेडिकल स्टोरों पर भी यह नहीं मिल पाता था। टेनेक्टेप्लेस इंजेक्शन महंगा होने के कारण जरूरतमंदों की पहुंच से बाहर था, जिससे कई बार लोगों की जान पर बन आती थी। लेकिन अब जिला अस्पताल में इसके उपलब्ध होने से दिल के गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार मिल सकेगा।

सीएमएस ने बताया कि जिला अस्पताल के डॉ गुलशेर अहमद को इस इंजेक्शन की ट्रेनिंग के लिए झांसी भेजा गया था, जिनके द्वारा अस्पताल के अन्य डॉक्टरों को भी ट्रेंड किया गया है। 14 इंजेक्शन में से चार इमरजेंसी में रखवाए गए हैं और शेष स्टोर में रखे गए हैं। जरूरत पड़ने पर और इंजेक्शंस की मांग की जाएगी। दिल के मरीजों के लिए यह निशुल्क उपलब्ध होगा, मरीजों को बेहतर उपचार के लिए बाहर नहीं भटकना पड़ेगा।

---------------

   

सम्बंधित खबर