थारू संस्कृति संरक्षण की दिशा में पहल, ‘सृजन’ कार्यक्रम के समापन पर 97 बच्च

Tharu bacche

बलरामपुर,17 जून (हि.स.)। थारू जनजाति की पारंपरिक भित्ति चित्रकला एवं उनके संस्कृति के संरक्षण व संवर्धन को लेकर गैसड़ी के मोहकमपुर में उत्तर प्रदेश लोक एवं जनजाति संस्कृति संस्थान, लखनऊ द्वारा आयोजित 10 दिवसीय कार्यशाला का समापन बुधवार को किया गया। समापन के अवसर पर थारु संस्कृति से जुड़े विभिन्न चित्रकला प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शामिल 97 बच्चों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

उत्तर प्रदेश लोक एवं जनजाति संस्कृति संस्थान, लखनऊ तथा जनजाति कला एवं विकास फाउंडेशन बलरामपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह कार्यशाला 8 जून से ‘सृजन’ कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित की जा रही थी।समापन समारोह में कार्यशाला में प्रतिभाग करने वाले 97 थारू छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यशाला के दौरान प्रसिद्ध लोक कलाकार आशा चौधरी, लक्ष्मी चौधरी एवं साध्वी चौधरी ने बच्चों को थारू भित्ति चित्रकला की बारीकियों का प्रशिक्षण दिया। बच्चों ने अपने चित्रों में थारू समाज की लोक जीवन शैली, प्रकृति प्रेम, देवी-देवताओं, पशु-पक्षियों तथा दैनिक जीवन के विविध पहलुओं को आकर्षक ढंग से उकेरा।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर बच्चों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की। प्रदर्शनी में थारू संस्कृति की समृद्ध विरासत और पारंपरिक कला की झलक देखने को मिली।

महाराणा प्रताप जनजाति सेवा संस्थान के अध्यक्ष मदन लाल जायसवाल ने कहा कि थारू समाज की भित्ति चित्रकला उनकी सांस्कृतिक पहचान है, लेकिन समय के साथ यह कला विलुप्त होने की कगार पर पहुंच रही थी। उन्होंने कहा कि ‘सृजन’ कार्यक्रम ने बच्चों को अपनी परंपरा और संस्कृति को अभिव्यक्त करने का मंच प्रदान किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और संस्कृति विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी कार्यशालाएं जनजातीय क्षेत्रों के प्रत्येक गांव में आयोजित की जानी चाहिए, ताकि नई पीढ़ी अपनी जड़ों और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी रहे।

संस्कृति विभाग की सदस्य तारा चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेश की लोक एवं जनजातीय कलाओं को नया जीवन मिल रहा है। कार्यक्रम में सुष्मिता, वंदना, संजू चौधरी, मनाली, ज्योति, रेशू, अंजलि, नंदिनी, सरोजिनी, माला, शिवांगी, आसमा, रागिनी, कुनाल, आयुष, अखिलेश, राज, दिव्यांशु, अमित, आर्यन, विनय सहित 97 बच्चों ने सहभागिता की।

समापन समारोह में एसएसबी इंस्पेक्टर अनंता, थानाध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि शकील अहमद, विपिन कुमार पांडे, मोहम्मद सागीर मौजूद रहे।

-----------

   

सम्बंधित खबर