नगर निगम धमतरी में सामान्य सभा की पहली बैठक 25 अप्रैल को
- Admin Admin
- Apr 21, 2025

धमतरी, 21 अप्रैल (हि.स.)। 25 अप्रैल को नगर निगम में मौजूदा कार्यकाल की पहली सामान्य सभा की बैठक रखी गई है। जिसमें पार्षदों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का क्रमवार लाट द्वारा नगर निगम के सभाकक्ष में स्पीकर कौशिल्या देवांगन की उपस्थिति में निकाला गया। सोमवार की सुबह 11.30 बजे निगम के सभाकक्ष में लाट निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई। सामान्य सभा के लिए पक्ष विपक्ष के पार्षदों ने 39 प्रश्न लगाए हैं। बारी-बारी से लाट पद्धति से प्रश्नों का क्रम तय किया गया। पहले नंबर पर प्रकाश सिन्हा, दूसरे नंबर पर नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर, उमा ध्रुव, कोमल सार्वा का नाम लॉट से निकला। सामान्य सभा की बैठक में प्रश्न पूछने के लिए 1 घंटे का समय निर्धारित है। निर्धारित अवधि में जो प्रश्न शामिल नहीं हो पाएंगे। उनको लिखित में जवाब दिया जाएगा। इस अवसर पर महापौर रामू रोहरा, उपायुक्त पीसी सार्वा सहित पक्ष-विपक्ष के पार्षद, निगम के कर्मचारी उपस्थित थे। कांग्रेस पार्षद योगेश लाल ने जताई नाराजगी सामान्य सभा की बैठक के लिए कांग्रेस पार्षद योगेश लाल ने दो प्रश्न लगाए थे। लेकिन अंत तक लाट पद्धति से जब उनका नाम नहीं निकला तो उन्होंने यह कहकर नाराजगी जताई कि मेरे प्रश्नों को शामिल क्यों नहीं किया गया है। थोड़ी देर के लिए निगम के कर्मचारी सकते में आ गए। बाद में पता चला कि योगेश लाल ने आयुक्त के नाम आवेदन जमा कराया था। जबकि नियमतः सचिव के नाम से प्रश्न लगाया जाता है। कुछ देर के बाद योगेश लाल भी शांत हो गए जिसके बाद इस मामले का पटाक्षेप हो गया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा