उमरिया : वन भूमि में अवैध रेत उत्खनन पर कार्रवाई, वन विभाग और रेत माफियाओं में टकराव

उमरिया, 12 मई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के उमरिया जिले में अवैध रेत उत्खनन को लेकर वन विभाग और रेत माफियाओं के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है। सामान्य वन मंडल की चंदिया रेंज अंतर्गत सलैया बीट क्षेत्र में वन भूमि से रेत निकालने की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। मामले में वन विभाग ने एक ट्रैक्टर जब्त किया है, जबकि चार लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराया गया है।

जानकारी के अनुसार सलैया बीट के पनिहा नाला क्षेत्र में वन भूमि से अवैध रेत उत्खनन किए जाने की सूचना बीट गार्ड को मिली थी। मौके पर पहुंची टीम ने कुछ ट्रैक्टरों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि गांव के ही चार लोगों ने वन कर्मियों से अभद्रता और गाली-गलौज करते हुए पकड़ा गया ट्रैक्टर छुड़ा लिया।

इस संबंध में चंदिया थाने में अपराध क्रमांक 131/26 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों में परमीत सिंह पिता निरंजन सिंह, प्रियांशु सिंह तथा अन्य दो लोगों के नाम शामिल बताए गए हैं।

घटना के दूसरे दिन सोमवार को वन विभाग की टीम दोबारा मौके पर पहुंची। विभाग के अनुसार वहां तीन ट्रैक्टर वन भूमि से रेत भरते मिले। टीम ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग निकले। पीछा करने के दौरान एक ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया, जिसे देर रात चंदिया लाया गया।

मंगलवार को चंदिया रेंजर नीलेश द्विवेदी ने बताया कि वन भूमि से अवैध उत्खनन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। रविवार को वन रक्षक के साथ अभद्रता और ट्रैक्टर छुड़ाकर ले जाने की घटना के बाद पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। सोमवार को फिर सूचना मिलने पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई की, जिसमें एक ट्रैक्टर जब्त किया गया है।

   

सम्बंधित खबर