हत्या के मुख्य आरोपित ने पुलिस से पिस्टल छीनने का किया प्रयास, लगी गोली

रांची, 12 मार्च (हि.स.)। पुलिस की अभिरक्षा में हत्या के एक मुख्य आरोपित ने भागने के फिराक में पुलिस से पिस्टल ​छिनने का प्रयास किया, इसी दौरान पिस्टल से गोली चल गई जो अपराधी के पैर में जा लगी।

उल्लेखनीय है कि रांची के चान्हो थाना में स्थित आनंद मार्ग आश्रम में छह मार्च की रात हुई डकैती करने पहुंचे अपराधियों ने साधु मुकेश साह और राजेंद्र यादव की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

इस संबंध में डीएसपी आरएन चौधरी ने बुधवार को बताया कि इस घटना के मुख्य आरोपित मो. प्रिंस को रांची पुलिस ने मंगलवार की देर रात बीआईटी थाना क्षेत्र से पकड़ा। उसकी निशानदेही ही पर पुलिस हत्या में प्रयुक्त हथियार का खोजबीन कर रही थी, इसी दौरान प्रिंस पुलिस की अभिरक्षा से भगाने के उद्देश्य से हथकड़ी पकड़े सिपाही को धक्का देकर चान्हो थाना प्रभारी का पिस्टल छिनने का प्रयास किया।

डीएसपी ने बताया कि इस दौरान पिस्टल से गोली चलने से अपराधी प्रिंस के बांये पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस की टीम के जरिये उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया है।

उन्होंने बताया कि इस घटना में शामिल चार अपराधियों को पुलिस ने सात मार्च को गिरफ्तार कर लिया था। वहीं एक अपराधी ने बीते 10 मार्च को पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया था। गिरफ्तार आरोपितों में मो प्रिंस, गुलाम गौस, जितेन्द्र यादव, अरविंद यादव सूरज पाहन और अफरोज अंसारी शामिल है। इनके पास से पुलिस ने एक 12 हजार रुपये नकद, एक चांदी का सिकड़ी, एक देशी पिस्तौल, तीन जिंदा गोली, तीन जिंदा गोली, दो मैगजीन लगा पिस्टल, एक स्कार्पियों सहित अन्य सामान बरामद किये गये है।

डीएसपी ने बताया कि सभी अपराधियों ने पातकोई जंगल में बैठकर आश्रम में लूटपाट करने की योजना बनाई थी, इसके बाद सभी आश्रम पहुंचे। इसके बाद अपराधियों ने साधु मुकेश साह और राजेंद्र यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। राजेंद्र को तीन गोली मारी गई है। जबकि मुकेश को एक गोली मारी गई है। राजेंद्र यादव कुछ दिनों से आश्रम में साधु मुकेश साह के साथ ही रहता था। घटना के वक्त दोनों मृतक आश्रम की दूसरी मंजिल में साथ में थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

   

सम्बंधित खबर