![](/Content/PostImages/5dd71c5dc22e7c10821ab455566eabde_89975656.jpg)
अजमेर, 8 फरवरी(हि.सं)। भारतीय जनता पार्टी की दिल्ली चुनाव में पूर्ण बहुमत के साथ हुई जीत का अजमेर के भाजपा कार्यकर्ताओं ने चौराहों पर आतिशबाजी कर व एक दूसरे का मुंह मीठा कराकर जश्न मनाया।
केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी एवं भाजपा शहर जिला अध्यक्ष रमेश सोनी के अगुवाई में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता दिल्ली चुनाव परिणामों का रुझान जैसे जैसे स्पष्ट होता रहा और भाजपा की सरकार बनने के पुख्ता समाचार मिलने लगे सड़कों पर उतर आए। कार्यकर्ताओं ने उत्साह में आतिशबाजी की और हाथों में भाजपा के झण्डे लहराने शुरू कर दिए। इस मौके पर केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि यह ऐतिहासिक जीत है। दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी ने 25 सालों बाद वापसी की है। दिल्ली की जनता झूठ और लूट से दुखी थी। दिल्ली की जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी में विश्वास व्यक्त किया और भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन की सरकार पर दिल्ली के विकास के प्रति भरोसा जताया है।
शहर जिलाअध्यक्ष रमेश सोनी ने जीत पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह जनता का भाजपा और देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर पूर्ण भरोसा है। उन्होंने कहा कि भारत देश को शीघ्र ही विकसित राष्ट्र और हिन्दू राष्ट्र बनाने में कार्यकर्ताओं का यही विश्वास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की शक्ति बनेगा। उन्होंने दिल्ली फतह पर सभी भाजपाइयों और देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि देश की राजधानी का विगत वर्षों में अपने कुप्रबंधन से लुटिया डुबोने वालों को आज दिल्ली की जनता ने आइना दिखा दिया हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष