सरकार खेल को केवल करियर नहीं,जीवन शैली बनाने की दिशा में कर रही है कार्यःनायब सिंह सैनी

प्रदेश में हर खिलाड़ी को 20 लाख रुपए का मेडिकल बीमा कवर देने का लिया गया है संकल्प

मुख्यमंत्री ने स्टेडियम में विकास कार्यों के लिए 21 लाख रुपए देने की घोषणा की

रोहतक, 18 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार खेल को केवल एक करियर ही नहीं, बल्कि जीवन शैली बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। प्रदेश में स्कूल स्तर से ही खेलों को अनिवार्य किया जा रहा है, ताकि बचपन से ही शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का संतुलन बना रहे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हर खिलाड़ी को 20 लाख रुपये का मेडिकल बीमा कवर देने का संकल्प लिया गया है।

शुक्रवार को नायब सिंह सैनी गांव किलोई स्थित श्री शिव कुमार मेमोरियल स्टेडियम परिसर में तीसरी अखिल भारतीय शिव कुमार स्मृति बास्केटबॉल प्रतियोगिता का बतौर मुख्यातिथि विधिवत शुभारंभ करने उपरांत उपस्थितगण को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने शिव कुमार स्मृति स्टेडियम के कार्यों के लिए 21 लाख रुपए की धनराशि, गांव में शीघ्र महिला चौपाल का निर्माण तथा गांव की विभिन्न मांगों को शीघ्र पूर्ण करवाने की भी घोषणा की। उन्होंने स्वर्गीय शिव कुमार के चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए कहा कि उनकी स्मृति हमें देश के लिए बेहतर करने की प्रेरणा देती रहेगी। यह उनकी सोच का प्रतीक है, जो खेल के माध्यम से समाज को एकजुट और सशक्त बनाना चाहती थी।

खेलों को बढ़ावा देने व खिलाड़ियों का भविष्य सुरक्षित करने के लिए बनाई नीति

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि खेलों को बढ़ावा देने व खिलाड़ियों के लिए सुरक्षित रोजगार सुनिश्चित करने के लिए ‘हरियाणा उत्कृष्ट खिलाड़ी सेवा नियम 2021’ बनाये गए हैं। इसके तहत खेल विभाग में 550 नए पद बनाये गये। इसके अलावा, 224 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी है। खिलाड़ियों के लिए क्लास-वन से क्लास-थ्री तक के पदों की सीधी भर्ती में आरक्षण का प्रावधान किया गया है। हरियाणा देश का पहला राज्य है, जो पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सबसे अधिक नकद पुरस्कार देता है। प्रदेश में अब तक खिलाडिय़ों को 593 करोड़ रुपये के नकद पुरस्कार दिए हैं। नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा राज्य, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले तथा पदक जीतने वाले छात्रों को छात्रवृत्ति प्रदान की जा रही है। वर्ष 2014 से अब तक 29 हजार से अधिक छात्रों को 53 करोड़ 45 लाख रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है।

मुख्यमंत्री को महिलाओं ने भेंट किया 101 कलशों में एकत्रित किया गया दूध

कार्यक्रम में पहुंचने पर गांव की मातृशक्ति ने मुख्यमंत्री को दूध से भरी बाल्टी प्रदान की, जिस पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मेरी माताओं ने दूध से स्वागत कर मुझे ताकत देने का काम किया है। यह हमारी समृद्ध संस्कृति को दिखाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह मां ही होती है, जो अपने बच्चों की चिंता करती है। उन्होंने दोनों हाथ जोड़कर माताओं को नमन किया।

गांव के बुजुर्गों ने युवाओं को हमेशा खेलों के लिए किया प्रेरितः कैप्टन अभिमन्यु

प्रदेश के पूर्व वित्त मंत्री एवं कार्यक्रम के विशिष्टड्ढ अतिथि कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि गांव के लोगों ने युवाओं को खेलों में भाग लेने के लिए हमेशा प्रोत्साहित किया है। इस मैदान से हजारों खिलाड़ी निकलकर प्रदेश व देश का विभिन्न प्रतियोगिताओं में नाम रोशन किया है। इस गांव के खिलाडिय़ों ने खेलों में उत्कृष्ठड्ढ प्रदर्शन करते हुए रोजगार भी प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि डॉ. रामधन हुड्डा ने खेलों को शुरू किया तथा उनका खेलों को महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने गत 30 वर्ष पूर्व इस मैदान में खेले गए मैच के अनुभव भी सांझा किए।

------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल

   

सम्बंधित खबर