
पौड़ी गढ़वाल, 14 मई (हि.स.)। राष्ट्रीय स्तरीय पारंपरिक खेल पिटठू में प्रदेश की टीम ने दूसरा स्थान हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। इस खेल में जिले के राइंका बिशल्ड के छात्र आशीष ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की टीम को दूसरा स्थान दिलवाया है।
जिला क्रीडा समंवयक योगंबर सिंह नेगी ने बताया कि अंडर 14 बालक वर्ग की राष्ट्रीय स्तरीय पारंपरिक खेल पिटठू प्रतियोगिता इंदौर में आयोजित की गई थी। जिसमें 20 राज्यों की टीम ने हिस्सा लिया। बताया कि प्रदेश की टीम ने प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल किया है।
प्रदेश की टीम को दूसरा स्थान मिलने पर छात्र आशीष के साथ ही व्यायाम शिक्षिका वर्षा कंडारी को प्रधानाचार्य ललिता शाह ने स्कूल में सम्मानित किया। अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा गढ़वाल मंडल कंचन देवराड़ी, सीईओ नागेंद्र बत्र्वाल, डीईओ माध्यमिक रणजीत नेगी, बीईओ पाबौ अमित चौहान ने टीम को दूसरा स्थान मिलने पर खुशी जताई है।
हिन्दुस्थान समाचार / कर्ण सिंह