वन संरक्षक को लेकर कर्मचारियों में आक्रोश, कार्य बहिष्कार कर दी चेतावनी

गोपेश्वर, 05 मार्च (हि.स.)। चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर स्थित नंदादेवी वायोस्फियर रिजर्व के वन संरक्षक पर वन विभाग के कर्मचारियों ने उत्पीड़न का आरोप लगाया है। बुधवार को कर्मचारियों ने बांह पर काली पट्टी बांधकर चार घंटे कार्य बहिष्कार किया।

कर्मचारियों का कहना है कि जल्द ही वन संरक्षक का स्थानांतरण न किया गया तो 11 मार्च से पूर्ण रूप से कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया जाएगा।

वन विभाग के कर्मचारियों का संयुक्त मोर्चा संघर्ष समिति के अध्यक्ष प्रकाश नेगी और महामंत्री कुलदीप खंडूरी ने आरोप लगाते हुए कहा कि लंबे समय से नंदादेवी वायोस्फियर रिजर्व के वन संरक्षक की ओर से अपने अधीनस्थ कर्मचारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है।

इस संबंध में वन संरक्षक से कई बार वार्ता भी की जा चुकी है लेकिन हर बार वार्ता असफल रही है। जिससे आक्रोशित कर्मचारियों ने वन संरक्षक के स्थानांतरण की मांग को लेकर चरणबद्ध तरीके से आंदोलन चलाने का निर्णय लिया है।

उन्होंने कहा कि बुधवार से प्रत्येक कार्य दिवस को चार घंटे का कार्य बहिष्कार किया जाएगा और उसके बाद 11 मार्च से पूर्ण कार्यबहिष्कार शुरू किया जाएगा।

इस मौके पर संरक्षक वीरेंद्र सिंह नेगी, अध्यक्ष प्रकाश नेगी, उपाध्यक्ष सुधांशु कपरवान, महामंत्री कुलदीप खंडूरी, सुमित बिष्ट, राकेश चंद्र, रमेश सिंह, तबरेज अली आदि मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / जगदीश पोखरियाल

   

सम्बंधित खबर