इसुआपुर लौवा मंदिर से मूर्ति की चोरी, जांच में जुटी पुलिस

सारण, 22 जून (हि.स.)। इसुआपुर थाना क्षेत्र के लौवा गांव स्थित संकट मोचन हनुमान और श्री राम जानकी मंदिर परिसर में रविवार की रात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया।

मंदिर के पुजारी पंडित गायत्री नंदन शास्त्री के अनुसार, चोरों ने मंदिर से राम, लखन और सीता जी की अष्टधातु निर्मित छोटी मूर्ति, भोग लगाने के पीतल के बर्तन, भगवान शालिग्राम की शिला, आधा किलो वजन की तीन पीतल की घंटियां और एक छोटी दान-पेटी चुरा ली। इसके अलावा, मंदिर में वाई-फाई से संचालित होने वाला सीसीटीवी कैमरा भी चोर उखाड़ ले गए।

चोरों ने एक बड़ी दान-पेटी को भी तोड़ने का प्रयास किया। हालांकि, चोरी हुई छोटी दान-पेटी पास के सरकारी विद्यालय के पीछे एक बगीचे से बरामद हुई है। मंदिर के साथ-साथ चोरों ने गांव के ही रामजी सिंह के घर से दो सिलेंडर, एक साइकिल और अन्य सामान भी पार कर दिए। इस घटना के बाद से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। पुजारी ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है।

---------------

   

सम्बंधित खबर