पानीपत: ताला ठीक करने आए युवक लाखों के गहने लेकर चंपत।

पुलिस थाना शहर पानीपत फाइल फोटो


पानीपत, 05 जुलाई । पानीपत स्थित गीता कॉलोनी में घर का दरवाजा ठीक करने के बहाने आए दो शातिर चोर अलमारी की तिजोरी का ताला तोड़कर सोने के आभूषण चुराकर चंपत हो गए। चोरों ने बड़ी ही चालाकी से मकान मालिक की नजरों से बचकर अलमारी की गुप्त तिजोरी को निशाना बनाया और करीब 40 ग्राम सोने के आभूषणों पर हाथ साफ कर फरार हो गए।

चोरी का पता तब चला जब पीड़ित ने अपना लॉकर चेक किया। पीड़ित की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शहर थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में गीता कॉलोनी निवासी सचिन ने बताया कि वह एक कंपनी में बतौर एग्जीक्यूटिव कार्यरत हैं। गत दिवस उनके घर के मुख्य दरवाजे का लॉक अचानक खराब हो गया था। उसी समय उनकी गली में दो अज्ञात युवक घूम रहे थे, जो देखने में सरदार जैसे प्रतीत हो रहे थे। सचिन ने ताला ठीक करवाने के लिए उन दोनों अज्ञात युवकों को आवाज देकर अपने घर के अंदर बुला लिया।

दोनों युवकों ने काफी देर तक वहां काम किया और ताला ठीक करने का नाटक कर वहां से चले गए। पीड़ित सचिन ने पुलिस को बताया कि वारदात के बाद सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन जब उन्होंने शनिवार को अपनी अलमारी का लॉकर चेक किया, तो उनके होश उड़ गए। अलमारी के अंदर बना हुआ गुप्त लॉकर पूरी तरह से टूटा हुआ था और उसमें रखे सोने के कीमती गहने गायब थे। जांच करने पर पता चला कि शातिर चोर लॉकर के अंदर रखे सोने के दो कड़े और कानों के झुमके चोरी कर ले गए हैं, जिनका कुल वजन करीब 40 ग्राम था।

पीड़ित को तुरंत समझ आ गया कि लॉक ठीक करने के बहाने घर में घुसे उन्हीं दो अज्ञात युवकों ने मौका पाकर इस वारदात को अंजाम दिया है। सचिन ने तुरंत अपने स्तर पर गली और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दोनों संदिग्ध आरोपी की पहचान हुई।

सचिन ने शहर थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित दरखास्त के साथ आरोपियों की सीसीटीवी फुटेज भी सबूत के तौर पर सौंप दी है। शहर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज में मिले दोनों आरोपियों की पहचान कर धरपकड़ शुरू कर दी है ।

   

सम्बंधित खबर