उप्र में एक सप्ताह में नहीं हुई सामान्य बारिश, आगे भी नहीं हैं आसार

कानपुर, 18 अक्टूबर (हि.स.)। मानसून वापसी के बाद से उत्तर प्रदेश का मौसम पूरी तरह से शुष्क हो गया, जिससे सामान्य बारिश भी नहीं हो सकी। हालांकि आसमान में निचले स्तर पर बादलों की आवाजाही जरुर बनी रही। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल आगामी दिनों में बारिश के आसार नहीं है। हालांकि समुद्री गतिविधियां सक्रिय हैं, पर उत्तर प्रदेश इन गतिविधियों से प्रभावित होता नहीं दिख रहा है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने शुक्रवार को बताया कि बंगाल की खाड़ी में फिर निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इसके साथ ही दक्षिण प्रायद्वीप और उसके आस-पास मौसमी प्रणालियां सक्रिय हैं। इन दोनों मौसमी प्रणालियों से दक्षिण भारत का मौसम जरुर प्रभावित होगा, लेकिन उत्तर प्रदेश में मौसम सामान्य रहेगा। पिछले एक सप्ताह की बात करें तो उत्तर प्रदेश में सामान्य बारिश भी नहीं हुई। 11 से 17 अक्टूबर तक उत्तर प्रदेश में 07.1 मिमी बारिश होनी चाहिये था जो बौछारों के रुप में थी, लेकिन वह भी नहीं हुई। आगामी दिनों भी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है और बारिश के आसार नहीं है। यह शुष्क मौसम किसानों के लिए मुफीद है और धान की फसल की कटाई में बारिश खलल नहीं बन रही है। यह जरुर है कि आगामी दिनों उत्तर पश्चिम हवाएं चलेंगी जिससे गुलाबी सर्दी में इजाफा होगा। फिलहाल अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक चल रहे हैं और रात के तापमान सामान्य से कम चल रहे हैं।

उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 35.2 और न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 82 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 42 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पूर्व रहीं जिनकी औसत गति 1.7 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कानपुर में आगामी पांच दिनों में हल्के बादल छाये रहने के आसार हैं लेकिन वर्षा की कोई संभावना नहीं है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अजय सिंह

   

सम्बंधित खबर