महाराणा प्रताप जयंती पर निकली शोभायात्रा में जमकर बवाल
- Admin Admin
- May 09, 2025

- जमकर हुई पत्थर बाजी,बाबा साहब की प्रतिमा खण्डित
हमीरपुर, 9 मई (हि.स.)। महाराणा प्रताप की जयंती पर शुक्रवार को निकाली जा रही शोभायात्रा में बवाल हो गया। पत्थरबाजी में कुछ लोगों को चोटें आईं हैं। उपद्रव के दौरान बाबा साहब की प्रतिमा भी खंडित कर दी गई। लोगों के आक्रोश को देखते गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
सिसोलर थानाक्षेत्र के गांव चांदीकला निवासी सौरभ सिंह, शनि सिंह उर्फ सार्थक, रामजी, रामू सिंह आदि लाेगाें ने महाराणा प्रताप की जयंती पर शोभायात्रा निकाली थी। यह यात्रा गुसियारी, टिकरी, कपसा होकर सिजवाही गांव पहुंची। गांवों में शोभायात्रा के पहुंचने पर लोगों की संख्या बढ़ती गई। सिजवाही गांव पहुंचते ही किसी बात को लेकर शोभायात्रा में शामिल लोगों से दलित समाज के लोगों से विवाद हो गया। देखते ही देखते पत्थर, लाठी डंडे आदि चलने लगे। इसी विवाद में कुछ लोगों ने बाबा साहब की प्रतिमा खंडित कर दी। इस झगड़े में मुरली (70), मइयादीन (70), कुसुम कली (50) पत्नी राम आसरे, लीला (65) मुल्ली को गंभीर चोंटे आईं हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों को कोतवाली बुलाकर तहरीर देने के लिए कहा है। गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस बल के साथ एडीएम विजय शंकर तिवारी, एएसपी मनोज कुमार गुप्ता, एसडीएम राज कुमार गुप्ता, सीओ विनीता पहल, नायब तहसीलदार महेंद्र गुप्ता, कोतवाली प्रभारी उमेश कुमार सिंह मौजूद हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता का कहना है कि ग्राम चांदीकला गांव निवासी सार्थक सिंह उर्फ शनि पुत्र विनोद सिंह के नेतृत्व में करीब 15-20 अन्य लोग महाराणा प्रताप की जयंती पर शोभायात्रा निकाल रहे थे। शोभायात्रा ग्राम टिकरी से सिजवाही पहुंची। वहां रास्ते में डीजे पर गाना बजाए जाने का कुछ लोगों ने विरोध किया। दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हुई। पत्थर बाजी की गई, जिसमें दोनों पक्षों के कुछ लोग घायल हुए हैं। तहरीर मिलने पर दोनों पक्षों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा