सोनीपत: केएमपी एक्सप्रेसवे हादसे में दंपति समेत तीन की मौत, एक घायल
- Vijesh Sharma
- Jun 27, 2026

सोनीपत, 27 जून । सोनीपत
के खरखौदा क्षेत्र में केएमपी (कुंडली-मानेसर-पलवल) एक्सप्रेसवे पर शनिवार शाम हुए
भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप
से घायल हो गया। हादसा गांव पीपली के पास उस समय हुआ, जब मेरठ से कलायत जा रही स्विफ्ट
कार आगे चल रहे ईंटों से भरे ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त
हो गई।
हादसे
में कार चला रहे पवन, उनकी पत्नी शकुंतला और बेटी अंजू की मौके पर ही मौत हो गई। बताया
गया कि शकुंतला का मायका कलायत में है और परिवार वहीं जा रहा था। कार में सवार शिवम
गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले खरखौदा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया
गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर पीजीआई रोहतक भेज दिया गया।
हादसे
की सूचना मिलते ही खरखौदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू कराया।
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और यातायात सामान्य कराया।
प्रारंभिक
जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार के कारण कार आगे चल रहे ईंटों से भरे ट्रक से
टकरा गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा हादसे के सभी पहलुओं की पड़ताल की
जा रही है।
---------------

