
-चार घायल की स्थिति गंभीर, वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर
डेहरी आन सोन, 06 अप्रैल (हि.स.)। बिहार में रोहतास जिले के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र अन्तर्गत केशर टोला गांव से मां का दाह्य संस्कार करने के लिए बक्सर जाने के क्रम में ब्रेजा कार बक्सर के औद्योगिक थाना क्षेत्र में खड़ी ट्रक में टक्कर मार दिया। इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौत घटना स्थल पर ही हो गई, जबकि चार लोग गम्भीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है। परिजनों में कोहराम मचा है।
घायलों को स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी ट्रामा सेंटर में भेजा गया है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ब्रेजा कार के परखच्चे उड़ गए। घटना का कारण स्पष्ट नहीं है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि शिवपुर गांव का टोला केसर टोला निवासी स्व मुंद्रिका सिंह की पत्नी फुलपतिया देवी का निधन हो गया। उनका पार्थिव शरीर को दाह्य संस्कार के लिए स्वजन सवारी गाड़ी से बक्सर चरित्रवन स्थित मुक्ति धाम ले जा रहे थे। मृतिका के पुत्र प्रमोद सिंह, उनके मित्र और शिवपुर हाल्ट निवासी स्व मदन सिंह के पुत्र पप्पू सिंह उर्फ भिखारी सिंह, प्रमोद सिंह का पुत्र प्रताप सिंह, भतीजा व राजेन्द्र सिंह का पुत्र रितेश सिंह, भतीजा मनोज सिंह का पुत्र रोहित कुमार, भगिना व कवई निवासी प्रेमचंद कुमार, साढू का लड़का व राजपुर निवासी अनिल सिंह का पुत्र भोला सिंह ब्रेजा कार से जा रहे थे।
इसी बीच कार ने बक्सर औद्योगिक थाना क्षेत्र में खड़ी ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में प्रमोद सिंह, रितेश सिंह और पप्पू सिंह उर्फ भिखारी सिंह की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकिं बाकी चार लोग गंभीर रूप से जख्मी हैं। प्रमोद सिंह के पिता मुंद्रिका सिंह की दो शादी हुई थी। प्रमोद पहली पत्नी के पुत्र है। प्रमोद की सगी मां का निधन बहुत पहले हो गई थी। मृतिका मुंद्रिका सिंह की दूसरी पत्नी थी।
ग्रामीणों के अनुसार इस दुर्घटना में मारे गए प्रमोद सिंह बहुत होनहार थे। ये हरियाणा में ट्रांसपोर्ट का कारोबार करते थे। इनकी 5 - 6 ट्रक चलती है। जो कार दुर्घटना की शिकार हुई वह भी इन्हीं की थी। इन्होंने परिवार को आर्थिक रूप से काफी मजबूत किया है और दिनों-दिन प्रगति कर रहे थे। ये दो नई ट्रक कुछ दिन ही पहले खरीदे हैं। रितेश सिंह 10 वर्ष मृतिका के रिश्ते में पौत्र हैं और वह राजेन्द्र सिंह के एकमात्र पुत्र थे। अभी ये किसी निजी विद्यालय में पढ़ते थे।
पप्पू सिंह उर्फ भिखारी सिंह शिवपुर हाल्ट निवासी स्व मदन सिंह के पुत्र हैं। इनका जीवन काफी संघर्ष का था। इनके जन्म से तीन माह पूर्व ही इनके पिता का निधन हो गया था। इनकी मां ने इनका पालन पोषण किया था। इनके एक पुत्र और एक पुत्री है। ये स्कूल में एक मैजिक चलाकर अपने परिवार का भरण पोषण करते थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र मिश्रा