गढ़वाल लोकसभा में खुलेंगे तीन मिनी स्टेडियम: सांसद बलूनी

-सांसद अनिल बलूनी ने केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया से की मुलाकात

देहरादून, 18 अक्टूबर (हि.स.)। गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र में तीन स्थानों में मिनी स्टेडियम बनाए जाने को केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री और श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मंडाविया ने सहमति दी है। साथ की गढ़वाल लोकसभा के कॉलेजों में केन्द्र सरकार की सहायता से जिम्नेजियम भी खोले जाएंगे। उक्त जानकारी गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने दी है।

इस मामले काे लेकर सांसद बलूनी ने केन्द्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया से उनके कार्यालय में मुलाकात की। जहां बलूनी ने गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र में तीन मिनी स्टेडियम के निर्माण का प्रस्ताव रखा। बलूनी ने कहा कि गढ़वाल के युवा खेलों में काफी रुचि रखते हैं, लेकिन खेलों की उचित व्यवस्था, वातावरण एवं इसके लिए उचित इन्फ्रास्ट्रक्चर का अभाव है। सांसद बलूनी ने बताया कि केंद्रीय मंत्री ने क्षेत्र में तीन मिनी स्टेडियम बनाने को लेकर सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। जिस पर जल्दी ही काम शुरू हो जाएगा। साथ ही लोकसभा क्षेत्र में आने वाले विभिन्न कॉलेजों में जिम्नेजियम भी खोले जायेंगे, जिसकी रूपरेखा तैयार की जा रही है।

इस पर सांसद अनिल बलूनी ने केन्द्रीय मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इन मिनी स्टेडियम बनने से गढ़वाल के युवाओं को देहरादून या दूर किसी अन्य शहर में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। मिनी स्टेडियम के खुलने से गढ़वाल लोकसभा के सभी जिलों के युवाओं को खेलों में उत्तराखंड का नाम राेशन करने में काफी सहायता मिल सकेगी, विभिन्न प्रतियोगिताओं और खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार

   

सम्बंधित खबर