कानपुर से फर्रुखाबाद के बीच कालिंदी एक्सप्रेस का संचालन होगा बंद
- DSS Admin
- Jun 03, 2026
फर्रुखाबाद, 03 जून (हि.स.)। कानपुर के मंधना अंतर्गत रेलवे ट्रैक उठाये जाने के कारण कानपुर फर्रुखाबाद के बीच चलने वाली यात्री ट्रेन कालिंदी एक्सप्रेस कई साल के लिए फर्रुखाबाद तक बंद रहेगी। इस दौरान बदले रूट से ट्रेन टूंडला होकर कानपुर तक चलाई जाएगी। यह जानकारी बुधवार को अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार ने दी। उन्होंने अधिकारियों के साथ मंधना ट्रैक का निरीक्षण कर स्पेशल ट्रेन से दोपहर बाद फर्रुखाबाद पहुंचे।
उन्होंने अमृत योजना के तहत होने वाले निर्माण कार्य को देखने के बाद नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा निर्माण कार्य धीमी गति से चल रहा है। कार्य करने की रफ्तार बढ़ाई जाए। बेतवा नदी का पुल गिरने की घटना को ध्यान में रखते अधिकारियों ने नये ओवर ब्रिज की मजबूती को विशेष रूप से देखा। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण ओवर ब्रिज का निर्माण करने हिदायत देते हुए कहा कि पुल के नट बोल्ट ढंग से चेक किए जाएं।
उन्होंने गोदाम की ओर बन रहे रनिंग रूम को देखा।
उप मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार ने बताया अमृत योजना के तहत होने वाले निर्माण कार्य का लक्ष्य दिसंबर 26 तक पूरा होना है, इस कार्य को समय से पूरा करने की हिदायत दी गई है। उन्होंने बताया कि मंधना में रेलवे ट्रैक को उठाने का कार्य शीघ्र ही शुरू होगा इसी कार्य के लिए निरीक्षण करने आए थे। उन्होंने बताया कि कालिंदी एक्सप्रेस टूंडला होते हुए कानपुर तक चलेगी। कालिंदी एक्सप्रेस करीब 3-4 साल तक फर्रुखाबाद नहीं आ पाएगी। उन्होंने एक सवाल कालिंदी ट्रेन के बंद होने से यहां के व्यापारी जबरदस्त विरोध करेंगे के जवाब में बताया कि तब उच्च अधिकारियों से वार्ता की जाएगी। निरीक्षण के दौरान रेलवे के आलाधिकारी एवं स्टेशन प्रबंधक मनोज कुमार मौजूद रहे।
मालूम हो कि बीते माह व्यापारी संगठनों ने कालिंदी एक्सप्रेस बंद होने की चर्चा के आधार पर अधिकारियों एवं सांसद को प्रार्थना पत्र देकर कालिंदी एक्सप्रेस को निरंतर चालू बनाए रखने की मांग की थी। दिल्ली आने जाने के लिए एक मात्र कालिंदी एक्सप्रेस है।
---------------

