तिलजला अग्निकांड में चमड़ा कारखाने का मालिक गिरफ्तार, दो लोगों की हुई थी मौत

कोलकाता, 13 मई (हि. स.)। तिलजला के तोपसिया इलाके में बहुमंजिली इमारत में हुए भीषण अग्निकांड मामले में पुलिस ने चमड़ा कारखाने के मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान जाफर निशार के रूप में हुई है।

मंगलवार दोपहर तोपसिया के 50/1 जीजे खान रोड स्थित एक बहुमंजिली इमारत की दूसरी मंजिल पर चल रहे चमड़ा कारखाने में अचानक आग लग गई थी। देखते ही देखते आग ने पूरी मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया। उस समय कारखाने में काम कर रहे पांच से छह लोग अंदर फंस गए थे। स्थानीय लोगों ने आग लगने की सूचना दमकल विभाग को दी।

सूत्रों के मुताबिक, मंगलवार दोपहर करीब पौने दो बजे दमकल को घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।

आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि अंदर फंसे लोग बाहर निकल नहीं सके। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला और गंभीर रूप से झुलसी हालत में कलकत्ता नेशनल मेडिकल कॉलेज भेजा गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से झुलसे लोगों का इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना पाकर मंगलवार शाम राज्य की नगर विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल घटनास्थल पर पहुंचीं और बाद में अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल लिया। उन्होंने दावा किया कि जिस इमारत में आग लगी, वह अवैध रूप से निर्मित थी और उसके पास दमकल विभाग की अनुमति भी नहीं थी।

मंत्री ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार के दौरान रिश्वत लेकर इस तरह की इमारतों को निर्माण की अनुमति दी गई। उन्होंने पूर्व शहरी विकास मंत्री फिरहाद हाकिम पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उनके विभाग की जानकारी के बिना इस तरह का कारोबार कैसे चल रहा था।

उधर, तिलजला अग्निकांड की जांच के लिए राज्य सरकार ने उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

   

सम्बंधित खबर