अभिषेक बनर्जी की सेवाश्रय स्वास्थ्य पहल जारी रहेगी और डेढ़ महीने
- Admin Admin
- Feb 03, 2025
कोलकाता, 03 फरवरी (हि. स.)। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी की स्वास्थ्य सेवा पहल ‘सेवाश्रय’ एक महीने पूरे करने के बाद अब अगले डेढ़ महीने तक जारी रहेगी। पार्टी ने इसकी जानकारी दी है।
यह अभियान दो जनवरी को आमतला में शुरू हुआ था और अब तक सात विधानसभा क्षेत्रों, 71 ग्रामीण ग्राम पंचायतों और 93 शहरी वार्डों में 23 लाख लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचा चुका है।
इस पहल के तहत एक हजार 200 डॉक्टर, 500 डायग्नोस्टिशियन, एक हजार 500 स्वयंसेवक और 12 रेफरल अस्पताल शामिल हैं, जो जरूरतमंदों को चिकित्सा सुविधाएं प्रदान कर रहे हैं।
अभिषेक बनर्जी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा नीतिगत दस्तावेजों या चुनावी चक्रों का इंतजार नहीं कर सकती। इसके लिए तत्परता, प्रतिबद्धता और सेवा का अटूट संकल्प जरूरी है। ‘सेवाश्रय’ वही दर्शाता है। यह रुकता नहीं, धीमा नहीं पड़ता और कभी कम पर समझौता नहीं करता।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर