छपरा के सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में अभिभावक गोष्ठी का आयोजन
- DSS Admin
- Jun 27, 2026

सारण, 27 जून (हि.स.)। विद्या भारती से संबद्ध विद्यालय सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, दर्शन नगर में कक्षा तृतीय से पंचम तक के छात्र-छात्राओं के अभिभावकों के लिए एक अभिभावक गोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति के उपाध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद यादव, सचिव सुरेश प्रसाद सिंह, प्रधानाचार्य विनोद कुमार एवं अभिभावक प्रतिनिधि प्रभात कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।
इस गोष्ठी की अध्यक्षता अभिभावक प्रतिनिधि प्रभात कुमार ने की। गोष्ठी के दौरान बच्चों के सर्वांगीण विकास, संस्कारयुक्त शिक्षा, अनुशासन, शैक्षिक गुणवत्ता तथा विद्यालय और परिवार के आपसी समन्वय जैसे विषयों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों ने विद्यालय की शिक्षा-पद्धति और संस्कारमय वातावरण की सराहना की। साथ ही उन्होंने संस्थान के प्रति अपना पूर्ण विश्वास और सहयोग निरंतर बनाए रखने का संकल्प लिया।
प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने अपने संबोधन में गोष्ठी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यालय और परिवार के बीच सतत संवाद ही बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण एवं उत्कृष्ट भविष्य की आधारशिला है।
इस अवसर पर कक्षा तृतीय से पंचम तक के 100 से अधिक अभिभावकों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम में कक्षाचार्य योगेश त्रिपाठी, आशुतोष चौधरी, दीपक कुमार, संगीता कुमारी, राकेश कुमार मिश्र एवं राजेश कुमार यादव मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय प्रबंधकारिणी के सचिव सुरेश प्रसाद सिंह ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक शांति मंत्र के पाठ के साथ हुआ।
---------------

