मुंबई, 13 अगस्त (हि.स.)। दादर पश्चिम में बुधवार की सुबह एक टैक्सी पर पेड़ गिर गया। इस घटना में टैक्सी चालक सलमान खान घायल हो गया। इसके अलावा टैक्सी में यात्रा कर रहा एक व्यक्ति भी मामूली जख्मी हो गया। साथ ही घटना को देख रहे एक व्यक्ति को हार्ट अटैक आ गया।
दादर के शिवाजी पार्क के एलजे रोड पर स्थितशोभा होटल के पास सुबह करीब दस बजे एक वृक्ष अचानक गिर गया। उस वक्त न तो बारिश हो रही थी और न ही तेज हवाएं चल रही थी। पेड़ टैकसी पर गिरा। टैक्सी चालक सलमान (35) को टहनियों ने भेद दिया। स्थानीय लोगों की मदद से खून से लथपथ टैक्सी चालक को बाहर निकाला गया और बांद्रा के भाभा अस्पताल पहुंचाया गया। उसकी हालात स्थिर बताई जा रही है। जहां घटना घटी उसके पास की इमारत में तीसरी मंजिल पर खड़े पाटिल नामक व्यक्ति घटना को देख रहे थे। उन्हें हार्ट अटैक आ गया। उन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों और मनपा कर्मियों ने पेड़ की टहनियां काट कर रोड को साफ किया।
इस घटना को लेकर मुबई मनपा प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि पेड़ अंदर से खोखला हो गया था। उसे काटा नहीं गया था। जबकि अभी हाल ही में मनपा ने वृक्षों की छंटाई का दावा किया था। पूर्व नगरसेवक व मनसे नेता मनीष चव्हाण के अनुसार इस तरह के कई पेड़ हो सकते हैं। लोगों की जान-माल को खतरा है। विशेषज्ञों की देखरेख में सर्वे करा,खतरनाक पेड़ों को काटा जाना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार



