गुवाहाटी, 03 जून (हि.स.)। गुवाहाटी के जजेज फील्ड के समीप बुधवार सुबह एक दर्दनाक हिट एंड रन दुर्घटना में त्रिपुरा के एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान विश्वव्रत सिन्हा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, विश्वव्रत सिन्हा इलाज संबंधी कारणों से गुवाहाटी आए हुए थे। बुधवार सुबह वह प्रातः भ्रमण के लिए निकले थे। लौटते समय जजेज फील्ड के निकट एक तेज रफ्तार ऑल्टो कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए सिन्हा को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी।
घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा फरार वाहन और चालक की तलाश जारी है।
-----------

