बारिश के बीच त्रिवेंद्र रावत ने सदस्यता अभियान को दी धार

मेरठ, 18 सितम्बर (हि.स.)। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और हरिद्वार के सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत भाजपा के सदस्यता अभियान को धार देने के लिए मेरठ पहुंचे। बुधवार को उन्होंने बारिश के बीच भी सदस्यता अभियान में भाग लेकर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया।

भाजपा के वरिष्ठ नेता व सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत को संगठन कार्यों का लंबा अनुभव है। वे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। भाजपा नेतृत्व ने सदस्यता अभियान को धार देने के लिए उन्हें मेरठ समेत कई जिलों का जिम्मा दिया है। मंगलवार को रात्रि मेरठ पहुंचे त्रिवेंद्र सिंह रावत का सर्किट हाउस में भाजपा नेताओं ने स्वागत किया। पहले उन्होंने मेरठ में चल रहे सदस्यता अभियान के बारे में विस्तृत जानकारी ली। इसके बाद बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद सिंह रावत ने उत्तर प्रदेश के ऊर्जा राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर, राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपयी, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष सुरेश जैन रितुराज आदि के साथ मोहनपुरी और इसके आसपास के क्षेत्रों में सदस्यता अभियान चलाया। बारिश के बीच भी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने लोगों को केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को बताते हुए सदस्यता अभियान चलाया।

हरिद्वार से लोकसभा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि भाजपा ही एक अकेली ऐसी पार्टी है, जो सबका साथ, सबका विश्वास और सबके विकास को लेकर आगे बढ़ रही है। भाजपा सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाएं पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति तक पहुंचती हैं। जिसका लाभ सभी को मिलता है। सभी योजनाओं को भाजपा सरकार ने धरातल पर उतारने का काम किया, ताकि देश एक नई तरक्की और ऊंचाइयों पर पहुंच सके। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नित्य नई योजनाएं लाकर भारत को शिखर पर स्थापित करने का काम कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.कुलदीप त्यागी

   

सम्बंधित खबर