नदी में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत

बाड़मेर, 13 सितंबर (हि.स.)। बाखासर थाना क्षेत्र के नवापुरा सरहद में नदी में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। दोनों नहाने व रील बनाने के लिए नदी में उतरे थे। पानी की गहराई ज्यादा होने पर दोनों डूब गए। सूचना मिलने पर बाखासर थाना पुलिस व प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे । करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद शव बाहर निकाले गए।

थानाधिकारी विशनसिंह ने बताया कि बाड़मेर के सूजा का निवाण गांव निवासी अशोक कुमार पुत्र रूपाराम, दलपतराम पुत्र रूपाराम व दो अन्य ट्रैक्टर पर सवार होकर गुजरात के लिए रवाना हुए थे। बीच रास्ते में नवापुरा गांव के पास लूणी नदी में पानी का बहाव देख नहाने उतर गए। गहराई ज्यादा होने पर अशोक व दलपत दोनों डूब गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और नागरिक सुरक्षा व ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू शुरू किया। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया है। पानी में डूबने से दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने मृतकों के शव राजकीय अस्पताल बाखासर की मोर्चरी में रखवाया है। जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सुपुर्द किए जाएंगे।

पुलिस ने बताया कि चार लोग ट्रैक्टर पर सवार होकर गुजरात के लिए गांव से रवाना हुए थे। थराद में मजदूरी करते है। बीच रास्ते में नहाने के लिए नदी में उतर गए। पहले अशोक दलदल में फंस गया तो उसे बचाने के लिए दलपत भी नदी में उतर गया। बचाने के चक्कर में दोनों डूब गए। अशोक शादीशुदा है। दोनों भाई मजदूरी के लिए गुजरात जा रहे थे। दोनों भाइयों की मौत होने की सूचना मिलने पर परिवार के सदस्य बदहवास हो गए और परिवार में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

   

सम्बंधित खबर