मिलेगा जनभागीदारी का बल, जुलाई से सितंबर तक हर माह होंगे दो सामुदायिक कार्यक्रम

जयपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। महिला एवं बाल विकास विभाग ने पोषण अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन और जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से जुलाई से सितंबर तक प्रदेशभर की आंगनबाड़ी केंद्रों पर प्रत्येक माह दो थीम आधारित समुदाय आधारित कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश जारी किए हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, बच्चों और आमजन में पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी।

समेकित बाल विकास सेवाएं (आईसीडीएस) निदेशालय के निदेशक वासुदेव मालावत ने बताया कि सभी उप निदेशकों एवं बाल विकास परियोजना अधिकारियों को तय कार्यक्रमों का समयबद्ध आयोजन करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि जुलाई में 8 जुलाई को गोदभराई एवं प्रवेशोत्सव तथा 22 जुलाई को क्षेत्रीय भोजन दिवस मनाया जाएगा। क्षेत्रीय भोजन दिवस के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों पर स्थानीय खाद्य सामग्री से तैयार पौष्टिक व्यंजनों का प्रदर्शन किया जाएगा तथा उनके निर्माण की विधि भी साझा की जाएगी, ताकि परिवार स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य पदार्थों से संतुलित आहार तैयार करने के लिए प्रेरित हों।

अगस्त में 11 अगस्त को सुपोषण दिवस और 25 अगस्त को जन स्वास्थ्य संदेश दिवस आयोजित किया जाएगा। जन स्वास्थ्य संदेश दिवस पर हाथ धोने की आदत, स्वच्छ पेयजल का उपयोग, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा पौष्टिक भोजन जैसे महत्वपूर्ण स्वास्थ्य विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

वहीं सितंबर में 9 सितंबर को गोदभराई एवं प्रवेशोत्सव तथा 23 सितंबर को क्षेत्रीय भोजन दिवस का आयोजन किया जाएगा। आईसीडीएस निदेशक ने निर्देश दिए हैं कि सभी गतिविधियों की जानकारी पोषण ट्रैकर ऐप पर अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए। साथ ही निर्धारित प्रारूप में रिपोर्ट तैयार कर nnm.wcd@rajasthan.gov.in पर भेजना भी सुनिश्चित किया जाए।

---------------

   

सम्बंधित खबर