जोधपुर, 22 मई (हि.स.)। जिले के बालेसर थाना क्षेत्र के जियाबेरी सरहद में भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सडक़ हादसा हो गया। आगे चल रही एक पिकअप गाड़ी को पीछे से तेज रफ्तार दूसरी पिकअप ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आगे चल रही गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही बालेसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार दोनों पिकअप हिसार से सांचौर जा रही थीं। एक पिकअप में कृषि यंत्र भरे हुए थे, जबकि दूसरी पिकअप में लॉकर रखे हुए थे।
इसी दौरान भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर आगोलाई के पास पीछे चल रही पिकअप ने आगे वाली गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कृषि यंत्रों से भरी पिकअप का केबिन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में पीछे वाली पिकअप में सवार हरियाणा के कालावाली निवासी रणजीत सिंह (25) पुत्र लाब सिंह और रेशम (28) पुत्र मयंक सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों के शव पिकअप के केबिन में बुरी तरह फंस गए थे। घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई।
क्रेन की मदद से निकाले शव
सूचना मिलने पर बालेसर थानाधिकारी मूलसिंह भाटी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सडक़ किनारे हटवाकर यातायात को सुचारू कराया। पुलिस ने क्रेन को मौके पर बुलाकर केबिन में फंसे दोनों के शव बाहर निकाले। इसके बाद शवों को कब्जे में लेकर बालेसर सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया गया।

