पूर्णिया, 03 जुलाई (हि.स.)।
जिले में मरंगा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में संलिप्त एक किशोर को भी निरुद्ध किया गया है।
जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पूर्णिया के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित छापेमारी करते हुए मरंगा थाना क्षेत्र के हेलमबाग निवासी रामलाल सोरेन, उम्र 19 वर्ष, और गोपाल सोरेन, उम्र 23 वर्ष, दोनों पिता चेतन सोरेन, को गिरफ्तार कर लिया।
मामले में एक किशोर के भी शामिल होने की बात सामने आई है, जिसे पुलिस ने निरुद्ध किया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर एफएसएल टीम को बुलाया गया, जहां से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए गए।
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों और निरुद्ध किशोर के विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। नाबालिग से जुड़ा मामला होने के कारण पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी गई है।
---------------

