गाड़ी पर पेड़ गिरने से दो घायल, स्टेट हाइवे बंद

जलपाईगुड़ी , 31 मई (हि.स)। जिले के बानरहाट प्रखंड के बिन्नागुड़ी चौपाथी संलग्न

बिन्नागुड़ी-गोयरकाटा स्टेट हाइवे पर शनिवार सुबह करीब चार बजे एक गाड़ी पर विशालकाय पेड़ गिर जाने से एक महिला समेत दो लोग घायल हो गए। घायल बानरहाट ग्रामीण अस्पताल में चिकित्साधीन है। बताया जा रहा है कि पेड़ गिरने से दो घर भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। जिस वजह से बिन्नागुड़ी-गोयरकाटा स्टेट हाइवे सुबह से ही बंद है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात को हुई मूसलाधार बारिश की वजह से जिले के बानरहाट प्रखंड में काफी नुकसान हुआ है। जिस गाड़ी पर पेड़ गिरी है वह गाड़ी धूपगुड़ी स्टेशन से एक यात्री को लेकर बिन्नागुड़ी लौट रही थी। वहीं, पेड़ की टहनियों से दो घरों के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है । स्थानीय लोगों ने बताया कि अगर यह घटना सुबह नहीं होती तो काफी नुकसान हो सकता था। सूचना मिलने पर बिन्नागुड़ी चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। सुबह से ही राज्य मार्ग बंद कर दिया गया है। ट्रेन पकड़ने के लिए आने वाले यात्रियों पांच किलोमीटर घूमकर बिन्नागुड़ी स्टेशन जाना पड़ रहा है। यातायात सामान्य करने के प्रयास जारी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

   

सम्बंधित खबर