नवादा, 17 मई (हि.स.)।नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र के अदलबीघा टोल प्लाजा के समीप रविवार को आपसी रंजिश को लेकर हुई मारपीट और चाकूबाजी की घटना में दो युवक घायल हो गए।
घायलों का प्राथमिक उपचार रजौली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर सतीश चंद्रा ने गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पावापुरी विम्स अस्पताल रेफर कर दिया।
बताया गया कि एक युवक के सिर पर चाकू से वार किया गया, जिससे कई टांके लगे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही रजौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
घायल मुरहेना गांव निवासी उमेश यादव के पुत्र उत्पल कांत ने बताया कि वह अपने साथी भूपतपुर गांव निवासी प्रिंस कुमार के साथ रजौली बाजार से लौट रहा था। इसी दौरान अदलबीघा टोल के पास पहले से मौजूद लोगों ने अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने मारपीट करते हुए चाकू से हमला कर दोनों को घायल कर दिया।
घायल पक्ष ने गंगाबीघा गांव निवासी पप्पून यादव और रविशंकर समेत अन्य लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने बताया कि पूर्व से विवाद चल रहा था और इस संबंध में नवादा मुफस्सिल थाना में मामला भी दर्ज है।
वहीं घटना के बाद फोन कॉल पर गाली-गलौज और धमकी देने का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि वायरल ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
थाना अध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या है। पुलिस के अनुसार फायरिंग की बात की भी जांच की जा रही है।
---------------

