सारण के सोनपुर में 46 किलो से अधिक गांजे के साथ दो युवक गिरफ्तार

सारण, 02 जुलाई (हि.स.)। सोनपुर हरिहरनाथ थाना पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ बरामद किया है। पुलिस ने मौके से एक मारुति आल्टो कार सहित दो युवको को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार हरिहरनाथ थाना को सूचना मिली थी कि एक चारपहिया वाहन से कुछ युवक सबलपुर क्षेत्र में मादक पदार्थ की आपूर्ति करने वाले हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार को सूचित किया गया। उनके निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सोनपुर के नेतृत्व और अंचलाधिकारी की उपस्थिति में एक टीम का गठन किया गया।

विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए सीपिया आम मोड़ के पास सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान सिद्धनाथ चौक की ओर से आ रही एक सफेद रंग की मारुति आल्टो कार को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस बल ने प्रभावी घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।

कार की तलाशी लेने पर कुल 46.34 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से दो मोबाइल फोन और कार को जप्त कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान जीतू कुमार पिता-संतोष राय, सबलपुर नवल टोला, सोनपुर और सचिन कुमार पिता-लालन राय, सैदपुर, दिघवारा के रूप में हुई है।

इस संबंध में हरिहरनाथ थाना कांड सं0-113/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

छापामारी टीम में थानाध्यक्ष सहित कई पुलिसकर्मी शामिल थे।

---------------

   

सम्बंधित खबर