उमरिया : महरोई मोड़ पर भीषण सड़क हादसा: बाइक-ट्रैक्टर की टक्कर में दो युवकों की मौत, एक गंभीर
- DSS Admin
- Jun 18, 2026
उमरिया, 18 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले के इंदवार थाना क्षेत्र अंतर्गत अमरपुर चौकी के महरोई मोड़ के पास बुधवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार महरोई मोड़ के समीप बाइक और ट्रैक्टर के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर जा गिरे। दुर्घटना में दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
गुरूवार सुबह अमरपुर चौकी प्रभारी अभिलाष सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान अजय कोल (30) पुत्र लालमन कोल निवासी बरकुला थाना बदेरा तथा करण (25) पुत्र गयाप्रसाद के रूप में हुई है। दोनों रिश्ते में साले-बहनोई बताए जा रहे हैं। वहीं अमन (24) पिता राजू निवासी बिहरा गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बरही रेफर किया गया है।
पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
इधर, ग्रामीणों ने हादसे के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि विभाग द्वारा बिजली लाइन की सफाई के दौरान पेड़ों की शाखाएं काटकर सड़क किनारे छोड़ दी गई थीं। इन्हीं बाधाओं के कारण बाइक सवार संतुलन खो बैठे और ट्रैक्टर से टकरा गए। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

