कुश्ती सिर्फ खेल नहीं, हमारी विरासत भी है -उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी

कोटा, 21 अप्रेल (हि.स.)। प्रदेश की उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि कुश्ती सिर्फ एक खेल नहीं हमारी परम्परा एवं संस्कृति का एक हिस्सा है। हमारे देश में दशकों से कुश्ती एवं दंगल का आयोजन मेलों और त्याेहारों में होता आ रहा है। कुश्ती हमारी परंपरागत विरासत है। वे सोमवार को शहर के रघुराई एंडो स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में आयोजित अंडर-20 राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता केे महिला वर्ग पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रही थी। उन्होंने विजेता महिला पहलवानों को मेडल एवं सर्टिफिकेट प्रदान किए।

उन्होंने कहा कि ओलम्पिक में हमारे देश के पहलवानों ने कुश्ती में कई मेडल जीते हैं। इस खेल को आगे बढ़ाने में महिला पहलवानों का भी काफी योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि पहली बार राजस्थान में अंडर-20 राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के प्रयासों से हुआ है। राष्ट्रीय कुश्ती फेडरेशन के अध्यक्ष संजय सिंह एवं राजस्थान कुश्ती फेडरेशन के अध्यक्ष राजीव दत्ता को साधुवाद देते हुये उन्होंने कहा कि इस आयोजन से हाड़ौती में कुश्ती को बढ़ावा मिलेगा एवं यहां की लड़कियां कुश्ती प्रतियोगिताओं में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन करेंगी।

उप मुख्यमंत्री ने 50 किलो महिला वर्ग कुश्ती में प्रथम विजेता हरियाणा की विनिता, द्वितीय विजेता महाराष्ट्र की गौरी, तृतीय विजेता दिल्ली की श्रुति एवं कर्नाटक की श्वेता को मेडल पहनाए एवं सर्टिफिकेट प्रदान किए। इस अवसर पर कुश्ती फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि राजस्थान में इस आयोजन से यहां कुश्ती को बढ़ावा मिलेगा एवं कुश्ती का खेल नई ऊंचाइयों को छुएगा। कार्यक्रम को विधायक कोटा दक्षिण संदीप शर्मा एवं राजस्थान कुश्ती फेडरेशन के अध्यक्ष राजीव दत्ता एवं अन्य अतिथियों ने संबोधित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द

   

सम्बंधित खबर